श्री हरि गौसेवा संगठन के एक वर्ष पूर्ण होने पर रक्तदान शिविर, 38 यूनिट रक्त संग्रह : दिनेश बख्शी

लक्ष्य जनहित सोसाइटी करनाल
Spread the love

करनाल: 6 अप्रैल 2026 :-लक्ष्य जनहित सोसाइटी की ओर से श्री हरि गौसेवा संगठन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में फुशगढ़ स्थित पार्षद परमजीत लाठर के कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में करनाल के वरिष्ठ समाजसेवी निशांत शर्मा ‘शानू’ ने शिरकत की।


मुख्य अतिथि निशांत शर्मा ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को बैज लगाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे बड़ा कोई दान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि जब किसी गंभीर मरीज को रक्त की आवश्यकता होती है, तब रक्तदाता उसके परिवार के लिए किसी जीवनदाता से कम नहीं होता। उन्होंने श्री हरि गौसेवा संगठन को एक वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।
सोसाइटी के फाउंडर चेयरमैन दिनेश बक्शी ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति, जिसकी आयु 18 वर्ष से अधिक है, उसे नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार युवाओं में वोटर कार्ड बनवाने का उत्साह रहता है, उसी प्रकार रक्तदान कार्ड के प्रति भी जागरूकता और उत्साह होना चाहिए। उन्होंने बताया कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि इससे कई गंभीर बीमारियों का समय रहते पता भी चल जाता है।
उन्होंने जानकारी दी कि शिविर में 55 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें से 38 रक्तवीरों ने रक्तदान कर समाज सेवा में योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में नवीन पूनिया ने सभी अतिथियों और रक्तवीरों का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्री हरि गौसेवा संगठन के सदस्य विराट शर्मा, संजीव पांचाल, राजीव वर्मा, आशीष कंबोज, मोनू पांचाल, अमित शर्मा, पुनीत ओबेरॉय, सचिन, विकास, तरुण, सीमा, पूनम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.