जालंधर मोहयाल सभा की मासिक बैठक में एकता, सम्मान और संस्कारों का संदेश

जालंधर मोहयाल सभा मोहयाल समाचार
Spread the love

जालंधर, जालंधर मोहयाल सभा की मासिक बैठक 24 मई को स्थानीय भाई मतीदास छिब्बर मोहयाल भवन में प्रधान श्री नंद लाल वैद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन संगठन सचिव श्री संदीप छिब्बर ने किया। बैठक का शुभारंभ महिला विंग की सदस्याओं श्रीमती प्रवीण दत्ता, श्रीमती नीरज दत्ता एवं श्रीमती दमयंती चौधरी द्वारा मोहयाल प्रार्थना के सामूहिक पाठ से हुआ।

बैठक के दौरान समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। “मोहयाल ऑफ द मंथ” के लिए श्री सतीश मेहता का चयन किया गया, जिन्हें श्री राजीव दत्ता और श्री विकास दत्त ने बैज लगाकर सम्मानित किया। वहीं “बेस्ट व्हाट्सएप यूज़र ऑफ द मंथ” का सम्मान श्री रविनंदन चौधरी (शेरू) को प्रदान किया गया। उन्हें श्री विनोद बख्शी और श्री अजय दत्ता ने बैज पहनाकर सम्मानित किया।

सभा के सचिव श्री अशोक दत्ता ने अपने संबोधन में कहा कि जालंधर मोहयाल सभा तकनीक के सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप जैसे माध्यमों का उपयोग समाज में संवाद, सहयोग, एकता और भाईचारे को सुदृढ़ बनाने के लिए किया जाना चाहिए।

उन्होंने सदस्यों को जानकारी दी कि जनरल मोहयाल सभा (GMS) के सौजन्य से हरिद्वार-ऋषिकेश में मोहयाल यूथ कैंप आयोजित किया जा रहा है। युवा वर्ग को कई बार व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से इसकी सूचना दी जा चुकी है। शिविर में भाग लेने वाले युवाओं को रेल यात्रा व्यय भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे शीघ्र अपना नाम दर्ज करवाएं ताकि उनकी जानकारी समय पर जीएमएस को भेजी जा सके।

कार्यक्रम में संगठन सचिव संदीप छिब्बर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशिक्षण प्रचारक श्री गुरदेव जी का परिचय करवाया। अपने प्रेरणादायक व्याख्यान में श्री गुरदेव जी ने भारतीय संस्कृति में गौ माता के महत्व, गौ संरक्षण तथा जैविक जीवनशैली के विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला।

बैठक में उन वरिष्ठ मोहयालजनों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया, जो किसी कारणवश सभा के डायमंड जुबली समारोह में उपस्थित नहीं हो सके थे। इस अवसर पर पूर्व वित्त सचिव श्री सुनील दत्ता, चौधरी परिवार के मुखिया श्री राज भूषण चौधरी एवं श्रीमती दमयंती चौधरी तथा श्री सतीश कुमार मेहता को सिरोपा, मोतियों की माला और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

महासचिव श्री एस.के. दत्त तथा प्रधान श्री नंद लाल वैद ने 19 अप्रैल को आयोजित भगवान परशुराम जयंती एवं डायमंड जुबली वर्ष समापन समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में पारस्परिक प्रेम, एकता और भाईचारे को मजबूत बनाते हैं।

बैठक के समापन पर आयोजित “आओ खुशियां मिल बाँटें” कार्यक्रम में रविनंदन चौधरी और संदीप छिब्बर ने जन्मदिन का केक काटकर अपनी खुशियाँ सभी सदस्यों के साथ साझा कीं। उपस्थित सदस्यों ने उन्हें केक खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह बैठक सामाजिक सरोकारों, वरिष्ठजनों के सम्मान, युवा सहभागिता और आपसी सौहार्द का सुंदर उदाहरण बनकर सभी के लिए प्रेरणादायी रही।

प्रस्तुति: अशोक दत्ता सचिव 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *