चंडीगढ़, 19 जुलाई। महावीर चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित भारत माता के वीर सपूत शहीद 2nd लेफ्टिनेंट राजीव संधू की पुण्य स्मृति में राजीव विहार आर्मी वेलफेयर हाउसिंग सोसायटी, सेक्टर-13, चंडीगढ़ में एक गरिमामय श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सैन्य अधिकारियों, सोसायटी के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर शहीद के अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर सोसायटी के निवासी, मोहयाल सभा पंचकूला के प्रधान एवं जनरल मोहयाल सभा (जीएमएस), नई दिल्ली की प्रबंध समिति के सदस्य श्री सुभाष छिब्बर, ब्रिगेडियर बी.एम. बख्शी तथा कर्नल वी. दत्त (आजीवन सदस्य, मोहयाल सभा पंचकूला) विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने शहीद राजीव संधू को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अमर बलिदान को याद किया।
12 नवंबर 1966 को जन्मे राजीव संधू ने वर्ष 1986 में ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी से कमीशन प्राप्त कर 7वीं बटालियन, जम्मू एवं कश्मीर राइफल्स में अपनी सैन्य सेवा प्रारंभ की। मात्र 21 वर्ष की आयु में मई 1988 में श्रीलंका में ऑपरेशन पवन के दौरान उन्होंने अदम्य वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके असाधारण शौर्य के लिए उन्हें महावीर चक्र (मरणोपरांत) से अलंकृत किया गया।
श्रद्धांजलि समारोह में शहीद के जीवन, सैन्य सेवा एवं वीरता पर आधारित एक विशेष प्रस्तुति भी प्रदर्शित की गई, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। समारोह में उनके सैन्य साथियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके नेतृत्व, साहस और राष्ट्रसेवा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद के माता-पिता श्री देविंदर सिंह संधू एवं श्रीमती जय कांता संधू को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, किन्तु स्वास्थ्य कारणों से वे समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।
सोसायटी के अध्यक्ष कर्नल देविंदर सिंह स्रा ने कहा, “राजीव संधू जैसे वीर सपूत केवल अपने परिवार या रेजिमेंट के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका बलिदान हमें कर्तव्य, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।”
समारोह के अंत में सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद 2nd लेफ्टिनेंट राजीव संधू को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
— मोहयाल मित्रम् संवाददाता



