वृंदावन : विगत दिनों आज मोहयाल समुदाय में वैवाहिक योग्य युवाओं एवं उनके अभिभावकों के बीच विवाह को लेकर बढ़ती चिंता को ध्यान में रखते हुए, समुदाय की सर्वोच्च संस्था जनरल मोहयाल सभा निरंतर समाधान हेतु प्रयासरत है। इसी क्रम में सभा के दूरदर्शी अध्यक्ष श्री विनोद कुमार दत्त के कुशल नेतृत्व में वृंदावन स्थित मोहयाल आश्रम में 21 से 22 फरवरी को दो दिवसीय वैवाहिक मिलन समारोह का आयोजन किया गया।

इस आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में जीएमएस मैट्रिमोनियल की सचिव श्रीमती नीलिमा दत्ता मेहता की विशेष भूमिका रही।
उन्होंने जानकारी दी कि इस समारोह के लिए लगभग 80 परिवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से देश के विभिन्न हिस्सों से 65 परिवार अपने वैवाहिक योग्य बच्चों के साथ वृंदावन पहुंचे। कुछ अभिभावक ऐसे भी रहे, जिनके बच्चे विदेश में स्थायी रूप से रह रहे हैं, वे उनकी ओर से प्रतिनिधित्व करने आए।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि परिवारों को केवल औपचारिक परिचय तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि सम्मानजनक, सारगर्भित और खुले संवाद के माध्यम से भावी जीवनसाथी को समझने का अवसर मिला। अभिभावकों और युवाओं के बीच विचारों का आदान-प्रदान इस आयोजन को परंपरागत वैवाहिक कार्यक्रमों से अलग और उद्देश्यपूर्ण बनाता है।
समारोह को एक “मिशन-आधारित प्रयास” बताते हुए प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत प्रभावशाली और सार्थक पहल बताया। इस अवसर पर उपस्थित सेक्रेटरी जनरल लेफ्टिनेंट कर्नल एल.आर. वैद, वित्त सचिव श्री अशोक छिब्बर एवं अध्यक्ष श्री विनोद कुमार दत्त ने संयुक्त रूप से कहा कि यह मंच अभिभावकों के विश्वास को सम्मान देता है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने सभी परिवारों को शुभकामनाएं दीं कि भविष्य में आपसी सहमति से सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
मैट्रिमोनियल सचिव नीलिमा दत्ता मेहता ने आशा व्यक्त की कि बच्चों और अभिभावकों के बीच हुए संवाद, आपसी मेल-मिलाप और कुंडली मिलान के माध्यम से यह आयोजन आने वाले समय में मोहयाल समुदाय के लिए एक अमिट छाप छोड़ेगा।



