मोहयाल विरासत की जीवंत मिसाल: श्रीमती कमलेश दत्ता का घर जाकर किया गया मातृशक्ति सम्मान

जालंधर मोहयाल सभा मोहयाल समाचार
Spread the love

जालंधर( 11 जून 2026 ) जालंधर मोहयाल सभा के 75वें स्थापना वर्ष (डायमंड जुबली वर्ष) के उपलक्ष्य में भगवान परशुराम जयंती पर आयोजित विशेष समारोह के दौरान वरिष्ठ मोहयालजनों को सम्मानित करने की श्रृंखला में एक भावनात्मक और प्रेरणादायक अध्याय उस समय जुड़ा, जब सभा के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ समाजसेवी एवं आदरणीय मातृशक्ति श्रीमती कमलेश दत्ता को उनके निवास स्थान पर जाकर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि जालंधर मोहयाल सभा की स्थापना वर्ष 1950 में हुई थी और वर्ष 2025 में सभा ने अपने गौरवशाली 75 वर्ष पूर्ण किए। डायमंड जुबली वर्ष के समापन अवसर पर यह निर्णय लिया गया कि समाज के उन वरिष्ठ सदस्यों को विशेष सम्मान दिया जाए, जिन्होंने प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से मोहयाल समाज की उन्नति और संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
श्रीमती कमलेश दत्ता रिटायर टीचर प्रतिष्ठित छिब्बर परिवार से संबंध रखती हैं, जिसका मोहयाल समाज के इतिहास और विकास में उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनके परिवार ने सभा की स्थापना से लेकर उसके विकास तक सदैव सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया। स्वयं श्रीमती दत्ता ने अपने परिवार में मोहयालियत के उच्च आदर्शों, संस्कारों और सामाजिक मूल्यों को जीवंत बनाए रखा है।
उनके पुत्र नवीन दत्ता जालंधर मोहयाल सभा की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं, जबकि पुत्रवधू विशाखा दत्ता महिला विंग की सक्रिय सदस्य के रूप में महिलाओं को संगठित करने और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
निर्धारित समयानुसार जब सभा का प्रतिनिधिमंडल उनके निवास पर पहुंचा तो परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल में सभा के प्रधान नंद लाल वैद, सचिव अशोक दत्ता, संगठन सचिव संदीप छिब्बर तथा महिला विंग की ओर से संगीता मोहन, प्रवीण दत्ता एवं अनु छिब्बर शामिल थीं।
इस अवसर पर श्रीमती कमलेश दत्ता ने मोहयाल विरासत से प्राप्त संस्कारों और सामाजिक मूल्यों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह जानकर उन्हें अत्यंत संतोष और गर्व का अनुभव होता है कि आज सभा का अपना भव्य मोहयाल भवन है तथा संगठन निरंतर समाज को एकजुट करने के लिए कार्य कर रहा है।


महिला विंग की सदस्याओं संगीता मोहन, प्रवीण दत्ता और अनु छिब्बर ने उन्हें सिरोपा एवं मोतियों की माला पहनाकर सम्मानित किया। वहीं प्रधान नंद लाल वैद, सचिव अशोक दत्ता और संगठन सचिव संदीप छिब्बर ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र भेंट कर उनके योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान नवीन दत्ता और विशाखा दत्ता ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए स्वादिष्ट जलपान की व्यवस्था की। सम्मान से अभिभूत श्रीमती कमलेश दत्ता ने सभा का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा उपस्थित सभी सदस्यों को उपहार भेंट कर अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया।
यह अवसर केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि मोहयाल समाज की समृद्ध विरासत, पारिवारिक संस्कारों और मातृशक्ति के प्रति सम्मान की भावना का जीवंत प्रतीक बन गया।

प्रस्तुति: अशोक दत्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *