स्वर्गीय श्री ओम प्रकाश दत्ता के सुपुत्र, आदरणीय बलजीत दत्ता ने दिनांक 13 फरवरी को अपनी सांसारिक यात्रा पूर्ण कर परलोक गमन किया। उनका संपूर्ण जीवन सादगी, प्रेम, क्षमा, अनुशासन और सुदृढ़ पारिवारिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण रहा। वे पेशे से एक समर्पित शिक्षक थे और वर्तमान में न्यू सेंट सोल्जर स्कूल में अंग्रेज़ी भाषा के अध्यापक के रूप में कार्यरत थे। अपने सौम्य व्यवहार, गहन ज्ञान और प्रेरणादायक शिक्षण शैली के कारण वे विद्यार्थियों में अत्यंत सम्मानित थे। उनके द्वारा शिक्षित अनेक विद्यार्थी आज समाज में उच्च पदों पर आसीन होकर उनके संस्कारों का गौरव बढ़ा रहे हैं।
दिवंगत आत्मा की स्मृति में 22 फरवरी को जैन भवन, जालंधर में रस्म पगड़ी एवं शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें परिवारजनों, सगे-संबंधियों, न्यू सेंट सोल्जर स्कूल के स्टाफ तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर जालंधर मोहयाल सभा के प्रधान श्री नंद लाल वैद, सचिव अशोक दत्ता, वित्त सचिव अश्विनी मेहता, कार्यकारिणी सदस्य राजीव दत्ता एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। साथ ही मोहयाल सभा होशियारपुर के महासचिव एवं मैनेजिंग कमेटी सदस्य जी.एम.एस. विजेंयत बाली एवं श्रीमती अरुण बाली, मोहयाल सभा जयपुर के महासचिव श्री राकेश बाली, मैनेजिंग कमेटी सदस्य जी.एम.एस. एवं अरुण मेहता, चंद्र प्रकाश दत्ता, सतीश मेहता, विजय दत्ता, संजीव मोहन (सचिव, मोहयाल सभा लांबडा) सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
बलजीत दत्ता अपने पीछे भरा-पूरा और सुसंस्कारित परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में उनकी धर्मपत्नी ललिता दत्ता , पुत्र कुलदीप दत्ता एवं पुत्रवधू प्रिया दत्ता, पुत्र राजेश दत्ता एवं पुत्रवधू याशिका दत्ता, पुत्री सारिका मोहन एवं दामाद संजीव मोहन तथा पौत्र हितेश दत्ता, ध्रुव दत्ता, लक्षित दत्ता और विवान दत्ता शामिल हैं।
सभा के अंत में परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की गई कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।
अशोक दत्ता सचिव जालंधर मोहयाल सभा


