बिहार में आयोजित हुआ कार्यक्रम, दिनेश बक्शी बने मानव सेवा की मिसाल
करनाल, 7 जुलाई (मोहयाल मित्रम्): मानव सेवा का जज्बा रखने वाले करनाल के रक्तवीर दिनेश बक्शी को रक्त सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम बिहार के रोहतास स्थित गोपाल नरायण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया और समाजसेवी एवं रक्तवीर दिनेश बक्शी को रक्तदाता महाकुंभ-2 के अंतगर्त इंटरनेशनल ब्लड़ डोनेशन फेस्टिवल कॉन्फ्रेंस एवं वर्कशॉप में सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान मुख्यातिथि बिहार सरकार के सीआईडी निदेशक विपिन कुमार ने प्रदान किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर बीएचयू अस्पताल वाराणसी के प्रभारी डॉ. आशुतोष कुमार सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में नेपाल, भूटान सहित देश के 24 राज्यों से रक्तदाता, चिकित्सक, समाजसेवी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस प्रतिष्ठित मंच पर करनाल के प्रतिनिधि के रूप में सम्मानित होना करनाल के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। दिनेश बक्शी 139 से अधिक बार रक्तदान व 108 से अधिक बार प्लेटलेटस दान कर चुके है। दिनेश बक्शी रक्तदान व प्लेटलेटस दान के लिए चाहे रात हो या फिर दिन कभी नहीं सोचते, केवल मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा को आगे बढ़ा रहे है ताकि रक्तदान से किसी का जीवन बचाया जा सके। सम्मान हासिल करने के बाद युवाओं को संबोधित करते हुए दिनेश बक्शी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका सम्मान नहीं बल्कि उन सभी निस्वार्थ रक्तदाताओं का है जो जरूरतमंदों की जान बचाने के लिए हमेशा आगे रहते है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान करने की अपील की और कहा कि रक्तदान महादान है आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जिंदगी बचा सकता हैं।



