मोहयाल मित्रम् विशेष संवाददाता
जम्मू। छिब्बर समाज के आस्था केंद्र छिब्बर देव स्थान, खेड़ी (नौशेरा) के समग्र विकास के लिए पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एवं प्रबंध निदेशक, जम्मू-कश्मीर बैंक श्री राजेश कुमार छिब्बर द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समाज में व्यापक सराहना हो रही है।
छिब्बर देव स्थान समिति के महासचिव श्री मोहन लाल छिब्बर ने बताया कि पीपल मोड़ से देव स्थान तक जाने वाली सड़क वर्तमान में कच्ची है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री राजेश कुमार छिब्बर ने जम्मू-कश्मीर के उप-मुख्यमंत्री श्री सुरिंदर चौधरी से भेंट कर इस सड़क के निर्माण के लिए ₹2.22 करोड़ की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही सड़क निर्माण हेतु आवश्यक धनराशि स्वीकृत करवाने के प्रयास भी निरंतर जारी हैं।
उन्होंने बताया कि देव स्थान परिसर में श्रद्धालुओं के लिए कमरों एवं स्नानगृहों के निर्माण हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में श्री राजेश कुमार छिब्बर ने राज्यसभा सांसद श्री सत शर्मा से भी सकारात्मक चर्चा की है।
समाज एवं धार्मिक कार्यों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए श्री राजेश कुमार छिब्बर ने छिब्बर देव स्थान, खेड़ी में निर्माणाधीन हॉल के लिए ₹51,000 की सहयोग राशि भी प्रदान की है।
छिब्बर देव स्थान समिति ने श्री राजेश कुमार छिब्बर के इस उल्लेखनीय सहयोग के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कामना की कि बाबा सिद्ध भोला जी एवं माता शाह जी की कृपा उन पर एवं उनके परिवार पर सदैव बनी रहे और वे भविष्य में भी समाज एवं धार्मिक स्थलों के विकास में इसी प्रकार योगदान देते रहें।



