जालंधर। श्री अनिल शर्मा (दत्ता) जी 31 मई 2026 को अपनी सांसारिक यात्रा पूर्ण कर प्रभु चरणों में विलीन हो गए। उनका जीवन सेवा, समाजहित एवं मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहा, जो सदैव स्मरणीय रहेगा। वे अत्यंत मिलनसार, सरल, विनम्र एवं सौम्य व्यक्तित्व के धनी थे। उनके स्नेहिल स्वभाव और सेवा भावना ने सभी के हृदयों में अमिट छाप छोड़ी है।
10 जून को स्थानीय श्री देवी तालाब मंदिर के राम हॉल में आयोजित अंतिम प्रार्थना सभा एवं गरुड़ पुराण पाठ के भोग में नगर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों तथा श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री शर्मा जी धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सदैव सक्रिय भूमिका निभाते रहे। इस अवसर पर जालंधर मोहयाल सभा (रजि.) के प्रधान नंद लाल वैद, सचिव अशोक दत्ता, संगठन सचिव संदीप छिब्बर, सदस्य अजय वैद, एस.के. दत्त, ए.के. दत्ता, एन.के. मेहता, रजिंद्र वैद सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। सभी ने परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक-संतप्त दत्ता परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
दत्ता परिवार की ओर से :- भाजपा के वरिष्ठ नेता के.डी. भंडारी ने सभी का आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने रस्म पगड़ी एवं अंतिम प्रार्थना सभा में उपस्थित होकर स्वर्गीय श्री अनिल शर्मा (दत्ता) जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उनके इस आत्मीय सहयोग और उपस्थिति के लिए दत्ता परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।
ओम् शांति



