मोहयाल समाज का बढ़ाया मान, लेफ्टिनेंट जनरल रश्मि बाली को मिला परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM)

मोहयाल समाचार
Spread the love

पंचकुला:-  भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल रश्मि बाली (UYSM, AVSM, SM, VSM) को राष्ट्रसेवा में उनके उत्कृष्ट, विशिष्ट एवं अनुकरणीय योगदान के लिए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा 29 जून 2026 को नई दिल्ली में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह 2026 (द्वितीय चरण) के दौरान परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) से सम्मानित किया गया।
लेफ्टिनेंट जनरल रश्मि बाली को इससे पूर्व UYSM, AVSM, SM एवं VSM जैसे प्रतिष्ठित सैन्य अलंकरण प्राप्त हो चुके हैं। अब परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) से सम्मानित होना उनकी उत्कृष्ट सैन्य सेवाओं, असाधारण नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सर्वोच्च सम्मान है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल भारतीय सेना बल्कि समूचे मोहयाल समाज में हर्ष, गौरव और उत्साह का वातावरण है।
परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) भारतीय सशस्त्र सेनाओं के सर्वोच्च शांतिकालीन विशिष्ट सेवा अलंकरणों में से एक है। यह सम्मान उन सैन्य अधिकारियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने असाधारण नेतृत्व, उत्कृष्ट कार्यकुशलता और राष्ट्रहित में विशिष्ट एवं अतुलनीय सेवाएं प्रदान की हों। लेफ्टिनेंट जनरल रश्मि बाली ने अपने अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व कौशल और उत्कृष्ट सैन्य सेवाओं से देश का गौरव बढ़ाया है।
मोहयाल सभा, पंचकुला के अध्यक्ष सुभाष छिब्बर ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर लेफ्टिनेंट जनरल रश्मि बाली एवं उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे मोहयाल समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लेफ्टिनेंट जनरल रश्मि बाली की उपलब्धियां युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, नेतृत्व और उत्कृष्टता के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेंगी।
समाचार प्रस्तुति :
सुभाष छिब्बर
अध्यक्ष, मोहयाल सभा, पंचकुला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *