जालंधर। भारत विकास परिषद् आस्था शाखा द्वारा मनाए जा रहे संस्कार सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को सेवा एवं करुणा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पुलिस लाइंस स्थित गौशाला में गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाखा की प्रबंध समिति के सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर गौसेवा की तथा गौसंरक्षण के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी डॉ. बेदी द्वारा गौशाला के लिए आवश्यक दवाइयों का प्रायोजन किया गया। वहीं भारत विकास परिषद् आस्था शाखा की ओर से ₹5,000 की सहयोग राशि भेंट की गई। इसके अतिरिक्त उपस्थित सदस्यों ने तत्काल ₹1,000 का गौचारा भी दान किया, जिसे सेवा संस्कार के प्रतीक स्वरूप गायों की नांद में डाला गया।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष श्री गुलशन अरोड़ा, महासचिव इंजी. जसवंत सिंह, वित्त सचिव श्री राजीव चोपड़ा, श्री राजीव वर्मा, श्री शर्मा, श्री कुकू भारद्वाज, सलाहकार मंडल के सदस्य श्री बी.बी. मल्होत्रा, श्री जी.के. बाली वरिष्ठ उपाध्यक्ष जालंधर मोहयाल सभा (रजि), श्री राज शर्मा तथा पंजाब राज्य प्रतिनिधि श्री हांडा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर गौशाला प्रबंधन समिति ने परिषद् के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें ताज़ा गौदुग्ध पिलाकर सम्मानित किया। परिषद् पदाधिकारियों ने कहा कि संस्कार सप्ताह का उद्देश्य समाज में सेवा, संवेदना, जीवों के प्रति करुणा तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाना है।
समाचार प्रस्तुति: मोहयाल मित्रम् के मित्र द्वारा



