देहरादून (23जून2026) गत दिवस मोहयाल सभा प्रेमनगर, देहरादून के वित्त सचिव एवं क्लीन एंड ग्रीन एनवायरनमेंट समिति के सक्रिय सदस्य श्री राजेश बाली को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय हिन्दी मासिक समाचार पत्र “पछवादून विकास” के पत्रकारिता के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक दिवसीय पत्रकार सम्मेलन में श्री राजेश बाली को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान पछवादून विकास के संपादक एवं उत्तराखंड सरकार के माननीय मंत्री श्री प्रदीप बत्रा जी के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और श्री राजेश बाली जैसे समाजसेवी अपने निरंतर प्रयासों से जन-जागरूकता फैलाने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
श्री बाली को प्राप्त इस सम्मान पर मोहयाल सभा प्रेमनगर के अध्यक्ष श्री डी.एन. दत्ता , महासचिव श्रीमती संतोष बाली सहित सभा की समस्त कार्यकारिणी एवं सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में इसी प्रकार उल्लेखनीय योगदान देते रहेंगे।



