ओंटारियो (कनाडा): कर्तव्यनिष्ठा, साहस और सेवा की मिसाल बने भारतीय मूल के ओंटारियो प्रांतीय पुलिस (OPP) अधिकारी तरुण बाली ने ड्यूटी के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देकर पूरे भारतीय समुदाय और पुलिस जगत को शोक में डुबो दिया है। उनकी शहादत की खबर से कनाडा सहित भारत में भी गहरा दुःख व्याप्त है।
तरुण बाली का हमारे क्षेत्र (लांबडा) जालंधर से भी पारिवारिक संबंध था। वे गांव लांबडा निवासी श्री राजेश मोहन (गोगी) के पुत्र डॉ. राजीव मोहन के साले थे। इस दुखद घटना से गांव तथा परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओंटारियो प्रांतीय पुलिस के डफरिन काउंटी डिटैचमेंट में तैनात अधिकारी तरुण बाली एक जांच अभियान में शामिल थे। पुलिस एक 18 वर्षीय संदिग्ध की तलाश कर रही थी, जो मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम के तहत मूल्यांकन के दौरान एक मनोरोग केंद्र से फरार हो गया था। पुलिस द्वारा उसे पकड़ने का प्रयास किए जाने पर आरोपी ने कथित रूप से अपनी गाड़ी जानबूझकर अधिकारी तरुण बाली पर चढ़ा दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और बाद में उनका निधन हो गया।
पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके विरुद्ध प्रथम श्रेणी हत्या (First-Degree Murder) तथा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
तरुण बाली की शहादत पर कनाडा के पुलिस विभागों, सुरक्षा एजेंसियों और भारतीय समुदाय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। टोरंटो पुलिस सहित विभिन्न सुरक्षा बलों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने उन्हें एक समर्पित, साहसी और कर्तव्यपरायण पुलिस अधिकारी बताते हुए उनकी सेवाओं को अविस्मरणीय बताया।
जालंधर मोहयाल सभा रजि एवं मोहयाल मित्रम् परिवार की ओर से शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें और दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
समाचार: सुरजीत मोहन



