मोहयाल समाज की बेटियों का बोर्ड परीक्षा में परचम, 100% तक अंक हासिल कर बढ़ाया मान : पीके दत्ता

मोहयाल समाचार
Spread the love

जालंधर 17 अप्रैल: सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणामों में मोहयाल समाज की बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मेधावी छात्राओं की इस उपलब्धि से जहां उनके विद्यालयों में खुशी की लहर है, वहीं पूरे समाज में गर्व का माहौल है।

मेयर वर्ल्ड स्कूल की छात्रा ईशलीन ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शैक्षणिक उत्कृष्टता का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका यह परिणाम न केवल उनकी कड़ी मेहनत का प्रतिफल है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

इनोसेंट हार्ट्स स्कूल की छात्रा गौरी दत्ता ने 99.6 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। उनकी सफलता में निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से झलकता है।

इसी क्रम में, सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल, बरनाला की छात्रा अस्मी ऋषि, जो डॉ. गोविना बाली की सुपुत्री हैं, ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनका परिणाम उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयासों का परिचायक है।

जनरल मोहयाल सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष मोहयाल रत्न पी. के. दत्ता ने इन छात्राओं की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इन बेटियों ने अपने परिश्रम और प्रतिभा से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे मोहयाल समाज का नाम रोशन किया है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये होनहार छात्राएं भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगी और समाज व देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

प्रस्तुति अशोक दत्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *