मोहयाल मित्रम् विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। जनरल मोहयाल सभा (रजि.), नई दिल्ली ने आगामी महीनों में आयोजित होने वाले अपने प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित कर दी है। शिक्षा, खेल एवं संगठनात्मक गतिविधियों को समर्पित इन आयोजनों को लेकर देशभर की जीएमएस से मान्यता प्राप्त मोहयाल सभाओं में उत्साह का वातावरण है।
जीएमएस अध्यक्ष श्री विनोद दत्त ने जानकारी देते हुए बताया कि पहला प्रमुख आयोजन 13 सितंबर को मोहयाल फाउंडेशन, नई दिल्ली में प्रतिभाशाली विद्यार्थी सम्मान समारोह के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मान देना तथा समाज के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 2 से 4 अक्टूबर तक फरीदाबाद में मोहयाल रत्न रायजादा बी.डी. बाली स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जनरल मोहयाल सभा से मान्यता प्राप्त विभिन्न मोहयाल सभाओं द्वारा भेजी गई टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट के माध्यम से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, आपसी भाईचारे और संगठनात्मक एकता को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा।
श्री विनोद दत्त ने आगे बताया कि 15 नवंबर को नई दिल्ली में जनरल मोहयाल सभा की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) आयोजित होगी। बैठक में वर्षभर की गतिविधियों की विस्तृत वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसके अतिरिक्त संगठन की भावी योजनाओं, सामाजिक गतिविधियों, विभिन्न प्रस्तावों तथा समाजहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श कर आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।



