कंगनीवाल में 17 मार्च को छिब्बर जठेरों का भव्य मेला, देश-विदेश से जुटेंगे मोहयाल परिवार

जठेरे मोहयाल समाचार
Spread the love

समाचार:(10 मार्च 2026)
जालंधर के दिवाली गाँव के समीप स्थित कंगनीवाल में मोहयाल ब्राह्मणों की छिब्बर जाति के जठेरों का पारंपरिक मेला 17 मार्च, मंगलवार को बड़ी श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।
जालंधर मोहयाल सभा के संगठन सचिव संदीप छिब्बर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेले में देश-विदेश से न केवल छिब्बर परिवार, बल्कि मोहयाल समाज की अन्य जातियों से जुड़े परिवार भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
हर वर्ष आयोजित होने वाले इस धार्मिक मेले में हवन, पूजा-अर्चना और कीर्तन का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर जठेरों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए सभी मोहयाल परिवारों की खुशहाली, समृद्धि और प्रगति की कामना की जाती है।
मेले की विशेषता यह भी है कि अनेक परिवार ढोल-नगाड़ों के साथ अपने घर के नवविवाहित जोड़ों और नवजात बच्चों को जठेरों के स्थान पर माथा टेकने के लिए लेकर आते हैं। श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर भेंट चढ़ाते हैं और जठेरों को याद करते हुए अपने परिवार की कुशल-मंगल की कामना करते हैं।
इस पावन स्थल की देखरेख कर रहे लांबड़ा निवासी कुक्कु बक्शी तथा अन्य मोहयाल परिवार हर वर्ष बड़ी मेहनत और श्रद्धा से इस मेले और विशाल भंडारे का आयोजन करते हैं, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।

समाचार प्रस्तुति : अशोक दत्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *