हरिद्वार। देवभूमि हरिद्वार स्थित मोहयाल आश्रम में जनरल मोहयाल सभा (रजि.) से मान्यता प्राप्त सभाओं के प्रधानों एवं सचिवों की वार्षिक विशेष बैठक 6 से 8 मार्च तक सम्पन्न हुई। बैठक में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लेकर समाज की एकता, संगठन और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया।
इस बैठक में जालंधर मोहयाल सभा को भी प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रधानों और सचिवों ने अपने विचार रखते हुए समाज को मजबूत बनाने के सुझाव दिए।
जीएमएस के अध्यक्ष श्री विनोद दत्ता तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष व मोहयाल रत्न श्री पीके दत्ता ने अपने संबोधन में कहा कि स्थानीय मोहयाल सभाएं युवाओं में मोहयालियत की भावना जागृत कर उन्हें समाज से जोड़ने का कार्य करें, ताकि समाज की एकता और भाईचारा और अधिक सुदृढ़ हो सके।
बैठक में महिलाओं की भी सराहनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम का सफल संचालन जीएमएस के सैक्रेटरी जनरल लेफ्टिनेंट कर्नल एल.आर. वैद ने किया। उन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित और यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतिनिधियों और उनके परिवारों के लिए रहने और भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई थी। शाम के समय आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कृष्ण लीला ने सभी का मन मोह लिया।
इस दौरान मोहयाल रत्न श्री पीके दत्ता से मुलाकात भी यादगार रही, जो समाज के प्रति समर्पित और प्रेरणादायक व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं।
अश्विनी मेहता, वित्त सचिव, जालंधर मोहयाल सभा।


