करनाल,(22 मई 2025) समाजसेवी संस्था लक्ष्य जनहित सोसाइटी का पूर्ण विकसित पेड़ों को ट्री गार्डों से मुक्त करने का अभियान लगातार जारी है। कुछ साल पहले दयाल सिंह कॉलेज के नजदीक स्थानीय लोगों द्वारा ट्री-गार्ड लगवा कर पौधरोपण किया था। बाद में समय बीतने पर इनके तने मोटे होने से लोहे के ट्री गार्ड इसमें फस गए। ऐसे ही एक वट वृक्ष के ट्री गार्ड में फंसने से पेड़ का विकास अवरुद्ध होने लगा। सामाजिक संस्था लक्ष्य जनहित समिति के संज्ञान में लाने के बाद संस्था के अध्यक्ष दिनेश बक्शी और उनकी टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे और ट्री गार्ड को इलेक्ट्रिक कटर व हथोड़े की मदद से काटा गया। सोसाइटी के फाउंडर दिनेश बक्शी ने बताया की सोसाइटी अब तक 2000 से अधिक विकसित पेड़ों को आजादी दिलवाने के साथ पेड़ो से पोस्टर व कील, पिन निकालने का अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि वे अब तक ये अभियान चलाकर नीलोखेड़ी, तरावड़ी, कुरुक्षेत्र, भिवानी, इंद्री व करनाल सहित अन्य कई जगह पर पूर्ण रूप से विकसित पेड़ों में फंस चुके ट्री गार्डों से वृक्षों को मुक्ति दिला चुके हैं। इस अवसर पर निशिकांत मित्तल,राजेश शर्मा,मनोज सचदेवा,हर्ष गुप्ता,पुनीत छिब्बर,सतेन्द्र गांधी व कुलदीप कंबोज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
