जम्मू, (2 अगस्त 2026):शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक पहल करते हुए जे एंड के मोहयाल सभा, जम्मू ने आज मोहयाल सरस्वती मंदिर भवन, बी.सी. रोड, जम्मू में “*मोहयाल सरस्वती लाइब्रेरी एवं अध्ययन केंद्र*” का शुभारंभ किया।
सभा के अध्यक्ष श्री अनिल दीप मेहता ने इस अवसर पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनकी पूरी टीम का वर्षों पुराना सपना था, जो आज साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि इस लाइब्रेरी एवं अध्ययन केंद्र की स्थापना का उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देना, उन्हें शांत एवं प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना तथा समाज में ज्ञान और शिक्षा के प्रसार को प्रोत्साहित करना है।

इस शुभ अवसर पर अध्यक्ष श्री अनिल दीप मेहता ने मोहयाल बिरादरी के वरिष्ठतम एवं सम्मानित सदस्यों *श्रीमती कुसुम दत्ता* (सेवानिवृत्त शिक्षाविद्) तथा बिरादरी के वरिष्ठ एवं सम्मानित सदस्य श्री *विनोद दत्ता* जी की गरिमामयी उपस्थिति में लाइब्रेरी एवं अध्ययन केंद्र का उद्घाटन कराया।श्री विनोद दत्ता जी एवं श्रीमती कुसुम दत्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर केंद्र का उद्घाटन किया। सभी वरिष्ठजनों ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया।
मोहयाल सरस्वती लाइब्रेरी एवं अध्ययन केंद्र मोहयाल बिरादरी के विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य समुदायों के इच्छुक विद्यार्थियों एवं पाठकों के लिए भी सदस्यता के आधार पर उपलब्ध रहेगा। यहाँ विभिन्न विषयों की उपयोगी पुस्तकों के साथ-साथ शांत, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक अध्ययन की सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
अध्यक्ष श्री अनिल दीप मेहता ने इस परियोजना को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी कार्यकारिणी सदस्यों, दानदाताओं एवं सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह केंद्र आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों एवं ज्ञान-पिपासुओं के लिए एक उत्कृष्ट अध्ययन केंद्र के रूप में स्थापित होगा तथा समाज में शिक्षा एवं ज्ञान के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा ।
समाचार प्रस्तुति: एम. एम. बख्शी ।
महासचिवजे एंड के मोहयाल सभा, जम्मू



