जालंधर। जालंधर मोहयाल सभा की मासिक बैठक 28 जून (रविवार) को स्थानीय मोहयाल भवन में प्रधान श्री नंद लाल वैद की अध्यक्षता में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ मोहयाल प्रार्थना से हुआ, जिसका सामूहिक पाठ महिला विंग की सदस्य श्रीमती प्रवीण दत्ता, संगीता मोहन, बरखा बाली एवं कृष्णा मोहन ने किया। बैठक का संचालन संगठन सचिव श्री संदीप छिब्बर ने किया।

बैठक में “बेस्ट व्हाट्सएप यूज़र ऑफ द मंथ” के रूप में श्री रविनंदन चौधरी तथा “मोहयाल ऑफ द मंथ” के रूप में श्री सतीश कुमार मेहता को सम्मानित किया गया। श्री उकेश बख्शी ने रविनंदन चौधरी तथा श्री अजय वैद ने सतीश कुमार मेहता को बैज लगाकर सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य श्री नरेश कुमार मेहता एवं श्री हरिकृष्ण बाली को सिरोपा, मोतियों की माला तथा प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सभा के सचिव श्री अशोक दत्ता ने दोनों समाजसेवियों के व्यक्तित्व, सामाजिक योगदान एवं समाज सेवा में उनकी उल्लेखनीय भूमिका पर प्रकाश डाला।

बैठक के दौरान वरिष्ठ सदस्य एवं लेखक श्री सतीश कुमार छिब्बर की विभाजन की त्रासदी पर आधारित पुस्तक का विमोचन प्रधान श्री नंद लाल वैद के करकमलों से किया गया। सचिव श्री अशोक दत्ता ने बताया कि श्री छिब्बर वर्ष 1980 के दशक से मोहयाल समाज की गतिविधियों से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। विभाजन के समय मात्र सात वर्ष की आयु में देखी गई पीड़ा, संघर्ष और विस्थापन के अनुभवों को उन्होंने अपनी पुस्तक में अत्यंत मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया है। संगठन सचिव श्री संदीप छिब्बर ने कहा कि उनके पिताजी विभाजन के संस्मरण परिवार को अक्सर सुनाया करते थे। परिवार के आग्रह पर उन्हीं संस्मरणों को पुस्तक का रूप दिया गया, जो आज समाज के लिए एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज बन चुकी है।

बैठक में स्वास्थ्य कारणों से उपस्थित न हो पाने वाले वरिष्ठ सदस्य कैप्टन एस.के. दत्त के दीर्घकालीन योगदान एवं मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें उनके निवास पर जाकर सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। बैठक के उपरांत प्रधान श्री नंद लाल वैद, महासचिव कैप्टन एस.के. दत्त, सचिव श्री अशोक दत्ता तथा कार्यकारिणी सदस्य श्री रविनंदन चौधरी लाजपत नगर स्थित उनके निवास पर पहुंचे, जहां उन्हें सम्मानित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
प्रधान श्री नंद लाल वैद ने हाल ही में संपन्न जनरल मोहयाल सभा (जीएमएस) की मासिक बैठक में पारित प्रस्तावों तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी सदस्यों के साथ साझा की।

बैठक के समापन पर “आओ खुशियां मिल-बांटें” कार्यक्रम के अंतर्गत श्री जी.के. बाली, श्री विजय छिब्बर एवं श्री सतीश कुमार छिब्बर ने संयुक्त रूप से जन्मदिन का केक काटा। उपस्थित सदस्यों ने जन्मदिन गीत गाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संगीता मोहन ने मधुर पंजाबी लोकगीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।
सभा की ओर से सभी उपस्थित सदस्यों के लिए विशेष जलपान की व्यवस्था की गई। समाजहित में सहयोग की भावना को आगे बढ़ाते हुए श्री विजय छिब्बर ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में सभा फंड के लिए ₹1100 का योगदान दिया, जबकि श्री अशोक मेहता (गुरु गोविंद सिंह एवेन्यू) की ओर से विधवा सहायता कोष हेतु ₹1300 की राशि बैंक खाते के माध्यम से प्राप्त हुई।
बैठक का समापन समाज की एकजुटता, सेवा, संस्कार एवं सांस्कृतिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
प्रस्तुति: अशोक दत्ता सचिव जालंधर मोहयाल सभा



