भोपाल: शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल कृष्ण छिब्बर की सुपुत्री एवं बिट्स पिलानी, राजस्थान की पीएचडी स्कॉलर लक्ष्मी छिब्बर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड में आयोजित प्रतिष्ठित कॉन्फ्रेंस में शोधपत्र प्रस्तुत कर परिवार और देश का गौरव बढ़ाया है।
लक्ष्मी छिब्बर ने 9 अप्रैल 2026 को वेलिंगटन, न्यूजीलैंड स्थित विक्टोरिया यूनिवर्सिटी ऑफ वेलिंगटन में आयोजित 40वें इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन एडवांस्ड इन्फॉर्मेशन नेटवर्किंग एंड एप्लिकेशन (AINA-2026) में अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया। उनके शोध का विषय था — “CNN-Based Biometric Authentication from Image-Transformed PPG Signals for IoT Environments”, जो आधुनिक तकनीक, बायोमेट्रिक सुरक्षा और IoT के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।
यह लक्ष्मी की लगातार दूसरी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि है। इससे पूर्व उन्होंने AINA-2024 में जापान के किताक्यूशू कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सम्मेलन में भी अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया था।
इसके अलावा इसी वर्ष फरवरी माह में बिट्स पिलानी में आयोजित इंटरनेशनल सेमिनार ऑन डिजिटल ड्रीमस्केप्स: यूथ, AI एंड वर्चुअल एक्सप्रेशन (ISDD-2026) में भी उन्होंने अपना शोध कार्य प्रस्तुत कर अकादमिक जगत में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
लक्ष्मी छिब्बर की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि समर्पण, शोध और मेहनत के बल पर वैश्विक मंच पर भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है। परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।



