“असमय बिछड़ गया एक मुस्कुराता चेहरा” — स्वर्गीय रोहित मोहन ‘मोंटू’ को भावपूर्ण श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि
Spread the love

1 फरवरी 2026 का दिन एक ऐसी वेदना दे गया, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। स्वर्गीय श्री रोहित मोहन ‘मोंटू’ भले ही इस नश्वर संसार को अलविदा कह गए हों, पर उनकी मधुर स्मृतियां, सदा मुस्कुराता चेहरा, मिलनसार स्वभाव और अपनत्व की गर्माहट सदैव हृदयों में जीवित रहेगी।
वे स्वर्गीय श्री बलदेव मित्तर मोहन एवं स्वर्गीय श्रीमती शशि मोहन के लाडले सुपुत्र थे। माता जी के निधन के पश्चात पिता-पुत्र ने एक-दूसरे का सहारा बनकर जीवन जिया, पर लगभग दो वर्ष पूर्व पिताश्री भी उन्हें छोड़कर परलोक सिधार गए। इस असहनीय वियोग के बाद रोहित मानसिक और शारीरिक रूप से स्वयं को अकेला व अस्वस्थ अनुभव करने लगे।
उनके जीवन में मामा श्री विनोद कुमार दत्त का स्नेह छाया बनकर साथ रहा। वे उन्हें खन्ना अपने पास ले आए, जहां पिता स्वरूप मामा का वात्सल्य और भाई विदुर दत्ता एवं चाणक्य दत्ता का सम्मान व स्नेह उन्हें मिला। परिवार के बीच उनका मन लगने लगा।
रोहित ने अपने कर्मक्षेत्र में भी पहचान बनाई। उन्होंने सुपर मिल्क प्रोडक्ट्स (चाणक्य डेयरी) की मार्केटिंग पंजाब और हिमाचल प्रदेश में कर ब्रांड की पहचान मजबूत की। जालंधर में उन्होंने एक कोचिंग सेंटर संचालित किया, जहाँ से शिक्षित कई युवा आज अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित हैं। वे नेटवर्किंग कला के कुशल ज्ञाता थे और लोगों को जोड़ने में अद्भुत क्षमता रखते थे।
पिता के देहांत के बाद अस्वस्थ चल रहे थे रोहित को अपने पास रखकर हर संभव देखभाल की। बाद में ज्ञात हुआ कि रोहित एक गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। दत्त जी ने उन्हें लुधियाना के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, तत्पश्चात मोहाली के प्रसिद्ध अस्पताल में भी इलाज करवाया। किडनी प्रत्यारोपण तक की तैयारी चल रही थी, परंतु नियति को कुछ और ही मंजूर था। जीवन संघर्ष से जूझते हुए रोहित अंततः 1 फरवरी 2026 को परमात्मा में लीन हो गए।
11 फरवरी को जालंधर में आयोजित शोक सभा में दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित की गई और परमपिता परमात्मा से उनकी सद्गति हेतु प्रार्थना की गई। अंतिम संस्कार श्री विनोद दत्त जी के सुपुत्र विदुर दत्ता ने पूरे विधि-विधान से संपन्न किया।
शोक सभा में जनरल मोहयाल सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहयाल रत्न पी.के. दत्ता, सेक्रेटरी जनरल लेफ्टिनेंट कर्नल एल.आर. वैद सहित , मोहयाल सभा पानीपत के प्रधान रित मोहन, यमुनानगर मोहयाल सभा के प्रधान विपीन मोहन, फरीदाबाद मोहयाल सभा के प्रधान रमेश दत्ता, देहरादून प्रेम नगर के प्रधान डीएन दत्ता के शोक प्रस्ताव प्राप्त हुए । होशियारपुर मोहयाल सभा के महासचिव विजयेंत बाली, मोहयाल सभा भुल्तथ के प्रधान सुभाष दत्ता, मोहयाल सभा खन्ना के प्रधान एडवोकेट राजीव मैहता, राजन छिब्बर, संजीव दत्ता, सुनील वैद “गोपी” मोहयाल सभा लुधियाना के प्रधान मुनीश बाली, राजीव छिब्बर, नरेन्द्र बाली और सुनील वैद। जालंधर मोहयाल सभा के प्रधान नंद लाल वैद, महासचिव एसके दत्त, सचिव अशोक दत्ता , वरिष्ठ सदस्य पवन बाली, सुरेन्द्र दत्ता, अनिल दत्ता और महिला विंग की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती कमला वैद और प्रवीण दत्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा — “दत्ता जी, आपने हर संभव प्रयास किया, पर जो ईश्वर को मंजूर था वही हुआ। हम परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को सद्गति और परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
स्वर्गीय रोहित मोहन ‘मोंटू’ की पावन स्मृति में श्री विनोद दत्त जी ने गऊशाला देवी तालाब मंदिर, बगलामुखी मंदिर, गुरुद्वारा साहिब प्रोफेसर कॉलोनी, कुष्ठ आश्रम तथा मोहयाल सभा जालंधर को दानराशि अर्पित कर सच्ची श्रद्धांजलि दी।
मोहयाल सभा जालंधर के प्रधान नंद लाल वैद ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में सभी का साथ और प्रार्थनाएं परिवार के लिए संबल बनी हैं।
रोहित, तुम भले ही दृष्टि से ओझल हो गए हो, पर हृदयों से कभी दूर नहीं हो सकते।
तुम्हारी मुस्कान, तुम्हारा अपनापन और तुम्हारा संघर्ष हमें जीवन की प्रेरणा देता रहेगा।
ईश्वर तुम्हारी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
ॐ शांति।

Leave a Reply

Your email address will not be published.