हरिद्वार/ऋषिकेश (06 जून 2026) जीएमएस (जनरल मोहयाल सभा) के सौजन्य से आयोजित मोहयाल यूथ कैंप का समापन आज अत्यंत उत्साहपूर्ण और खुशनुमा वातावरण में संपन्न हुआ। कैंप के दौरान युवाओं में साहस, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से अनेक प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जीएमएस के अध्यक्ष श्री विनोद दत्त ने युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाते हुए स्वयं को भी युवा जोश से भरपूर साबित किया। उन्होंने ऋषिकेश स्थित भारत की सबसे ऊंची बंजी जंप लगाकर उपस्थित युवाओं को साहस और आत्मविश्वास का अद्भुत संदेश दिया।
इस चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण गतिविधि को करने से पूर्व उनका दृढ़ आत्मविश्वास और उत्साह देखने योग्य था। जंप के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर उपस्थित युवाओं ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया। उनकी इस प्रेरणादायक पहल ने युवाओं में न केवल रोमांच का संचार किया, बल्कि जीवन की चुनौतियों का निर्भीकता से सामना करने की प्रेरणा भी दी।
अपने अनुभव साझा करते हुए श्री विनोद दत्त ने कहा, “यह मेरे जीवन के सबसे रोमांचक और यादगार पलों में से एक है। बंजी जंप ने मुझे यह एहसास कराया कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।”
कैंप के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने इसे एक अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए जीएमएस का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन युवाओं के व्यक्तित्व विकास, साहस और आत्मशक्ति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
प्रस्तुति:- डा.अजय दत्ता



