करनाल (31 जनवरी 2026) :- बीते दिनों लक्ष्य जनहित सोसायटी के संस्थापक दिनेश बक्शी ने एक बार फिर मानवता की सेवा की मिसाल कायम करते हुए मां वैष्णो सेवा समिति, नीलोखेड़ी में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 138वीं बार रक्तदान किया। इस रक्तदान शिविर में सिविल अस्पताल करनाल एवं लक्ष्य चैरिटेबल ब्लड सेंटर की टीमों ने रक्त संग्रहण किया।
सिविल अस्पताल से पहुंचे ब्लड बैंक इंचार्ज राजीव वर्मा ने कहा कि दिनेश बक्शी करनाल की शान हैं और वे डबल सेंट्यूरियन रक्तदाता हैं। वे रक्तदान के साथ-साथ प्लेटलेट्स डोनेशन में भी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं, जो समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।
दिनेश बक्शी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि नशे की ओर जाने के बजाय रक्तदान और प्लेटलेट्स डोनेशन जैसे पुण्य कार्यों से जुड़ना चाहिए, जिससे जरूरतमंदों को समय पर मदद मिल सके। उन्होंने बताया कि वे शुद्ध शाकाहारी हैं और किसी भी प्रकार का नशा नहीं करते। “अगर कोई नशा है तो वह सिर्फ रक्तदान का है, क्योंकि यह नशा अपने साथ तीन जिंदगियों को बचाता है,” उन्होंने भावुक शब्दों में कहा।
दिनेश बक्शी अब तक 138 बार रक्तदान और 103 बार प्लेटलेट्स दान कर चुके हैं तथा करीब 250 रक्तदान शिविर लगाकर हजारों युवाओं को इस पुनीत कार्य से जोड़ चुके हैं।
इस अवसर पर अनिल, सचिन, पंकज बक्शी, योगी गाबा, रजनी, पूनम, सीमा, शरणजीत, तरुण, विकास, योगराज सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दिनेश बक्शी का यह समर्पण न केवल युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता की मजबूत मिसाल भी है। मोहयाल मित्रम् परिवार दिनेश बख्शी के द्वारा मानवता की सेवा और पुण्य कार्यों की सराहना करते हैं। युवा पीढ़ी को दिनेश बख्शी के जनहित कार्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
समाचार प्रस्तुति: मोहयाल मित्रम्


